ललितपुर
राधा कृष्ण साहू समाज मंदिर में धूमधाम से मनाई गई राधा अष्टमी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नगर के मोहल्ला गांधी नगर नई बस्ती में स्थित 1008 श्रीश्री राधा कृष्ण साहू समाज मंदिर में राधा रानी के जन्मोत्सव, राधा अष्टमी का पर्व, रविवार को नगर के राधा कृष्ण मंदिर में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर प्रांगण को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और विद्युत झालरों से सजाया गया था। सुबह मंगला आरती के साथ ही धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत हुई। दिनभर भजन-कीर्तन और संकीर्तन का कार्यक्रम चलता रहा, जिसमें स्थानीय कलाकारों और भजन मंडलियों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजऱ आए। मंदिर समिति की ओर से विशेष झांकी सजाई गई, जिसमें राधा-कृष्ण की लीलाओं का मनोहारी प्रदर्शन किया गया। दोपहर में हवन और पूजन कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। शाम को आरती के दौरान मंदिर परिसर राधे-राधे और श्याम प्यारे की जय के जयकारों से गूंज उठा। दीपों की रोशनी और भक्ति संगीत ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि राधा अष्टमी केवल एक पर्व नहीं बल्कि यह भक्ति, प्रेम और आस्था का संदेश देती है। इस दिन राधा-कृष्ण की उपासना करने से जीवन में प्रेम, शांति और सुख-समृद्धि का संचार होता है। इस दौरान नगर के विभिन्न कोनों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया और राधा-कृष्ण के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर अपने को धन्य किया। इस दौरान पं.शिवम चौबे, पं.राहुल चौबे, पं.प्रवीण दुवे, अध्यक्ष संतोष साहू खजुरिया, अध्यक्ष अमान साहू, महामंत्री मुन्नालाल साहू, ब्रजेश साहू, मनोज, मुख्य यजमान कृष्णगोपाल साहू, हरिशंकर साहू सेवनी, सोनू साहू घिसोली, सुरेश साहू टोडा, भोगीराम साहू, चुन्नीलाल साहू, राकेश लगौन, खुमान साहू, रामकिशोर, अशोक साहू, हरिकिशन साहू, सचिन साहू, राजेंद्र, राकेश, जुगराज साहू, राजेश, मनोज, मुकेश साहू एड., पत्रकार देवेंद्र साहू, विनय जोशी टेलर्स आदि समस्त मोहल्लेवासी मौजूद रहे। अंत में प्रंबधक अशोक साहू ने सभी का आभार व्यक्त किया।



