बालाघाट
विधायक गौरव पारधी ने किया रक्तदान,
वीरांगना रानी दुर्गावती महाविद्यालय तिरोड़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) , तिरोड़ी। वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कला महाविद्यालय तिरोड़ी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक श्री गौरव सिंह पारधी के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय जनभागीदारी समिति तिरोड़ी के अध्यक्ष श्री सुरेश ठाकुर तथा मंडल अध्यक्ष श्री अविनाश देशमुख विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विधायक गौरव पारधी ने किया रक्तदान
शिविर में क्षेत्रीय विधायक गौरव सिंह पारधी ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं के लिए प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा दान है और इसे हर सक्षम व्यक्ति को करना चाहिए। विधायक पारधी के इस कदम से महाविद्यालय परिसर में छात्रों और नागरिकों में विशेष उत्साह का संचार हुआ।
42 यूनिट रक्त एकत्रित, युवाओं ने दिखाया उत्साह
सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक चले शिविर में कुल 42 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में युवाओं के उत्साह और सक्रिय सहभागिता ने रक्तदान जैसे मानवीय कार्य को एक नई ऊर्जा दी।
रक्तदान शिविर में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष अविनाश देशमुख सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। मानव एकता संस्था तिरोड़ी के अध्यक्ष जितेंद्र अहीर, शासकीय जनजातीय छात्रावास की अधीक्षिका श्रीमती निशा मौर्य और फिरोज खान का सहयोग उल्लेखनीय रहा। कार्यक्रम की सफलता में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र तिरोड़ी और कलावती वेलफेयर सोसाइटी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को जलपान एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. रानी सोनी, डॉ. नैनवती धारने, पवन सोनी तथा व्याख्याता डॉ. हितेश उके, डॉ. अरुण कुमार शिंदे, डॉ. योगेश सोनोने, डॉ. कुलदीप लखेरा, डॉ. अनंत साकेत, डॉ. कविता क्षीरसागर, शुरेश गिरी, प्रदीप चौरे, दिलीप जामोड़कर और संजय यादव का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।



