शामली
कबीरपुर ख्वाजपुरा में जलभराव से ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त,
प्रशासन की उदासीनता पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : बिडौली कबीरपुर ख्वाजपुरा गांव में जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान नासिर और सचिव अर्पण मलिक पर उदासीनता का आरोप लगाया है, जिसके चलते यह समस्या अनसुलझी बनी हुई है। जलभराव के कारण घरों में पानी घुस गया है, जिससे बच्चों का स्कूल जाना और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रभावित ग्रामीणों में सोकिन राणा, मुस्तकीम, मुरसलीन, रिफाकत और मोमिन शामिल हैं।
ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि समस्या का हल नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जिला प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत प्रदान करेगा।


