बालाघाट पुलिस ने चलाया “मैं हूँ अभिमन्यु” विशेष अभियान
पुलिस लाईन बालाघाट से जागरूकता मैराथन दौड़ का हुआ आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के पालन में दिनांक 23 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक “मैं हूँ अभिमन्यु” विषय पर विशेष जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता तथा समाज में व्याप्त लिंगभेद की कुरीतियों के विरुद्ध युवाओं एवं नागरिकों को जागरूक करना है।
आज “मैं हूँ अभिमन्यु” जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस लाईन बालाघाट से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन दौड़ का शुभारंभ उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा शाखा) सुश्री प्रतिष्ठा राठौर द्वारा किया गया। दौड़ पुलिस लाइन ग्राउंड से प्रारंभ होकर जयस्तंभ चौक, विश्वसरैया चौक, रानी दुर्गावती चौक होते हुए वापस पुलिस लाइन ग्राउंड पर समाप्त हुई। मैराथन दौड़ में लगभग 80 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मैराथन दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा सुश्री प्रतिष्ठा राठौर, रक्षित निरीक्षक कमलेश परस्ते, निरीक्षक सुखदेव सिंह धुर्वे, निरीक्षक महेन्द्र सिंह जगेत, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक किरण वटके, अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य पुलिस बल उपस्थित रहा।
“मैं हूँ अभिमन्यु” अभियान मध्यप्रदेश पुलिस की एक पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं के प्रति पुरुषों की सोच में बदलाव लाना, समाज में लिंगभेद को समाप्त करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं एवं बच्चो के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर नियंत्रण करना है।




