उत्तर प्रदेश में पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले
रघुवीर लाल बने कानपुर पुलिस कमिश्नर, दीपेश जुनेजा को डीजी अभियोजन की जिम्मेदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत कानपुर के पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार को केंद्र सरकार के लिए रिलीव किया गया है, जहां वे डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन के एमडी और सीईओ का कार्यभार संभालेंगे। उनकी जगह रघुवीर लाल को कानपुर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा को लखनऊ रेंज का आईजी सुरक्षा बनाया गया है, साथ ही उन्हें लखनऊ रेंज की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी दीपेश जुनेजा को पुलिस महानिदेशक (डीजी), अभियोजन, उत्तर प्रदेश नियुक्त किया गया है, जो राज्य में अभियोजन प्रक्रिया को और प्रभावी बनाएंगे। वहीं, 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी बिनोद कुमार सिंह को डीजी, सीआईडी, लखनऊ के साथ-साथ डीजी, साइबर क्राइम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
ये तबादले योगी सरकार की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की रणनीति का हिस्सा हैं। रघुवीर लाल से कानपुर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, तरुण गाबा से लखनऊ रेंज में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, दीपेश जुनेजा से अभियोजन प्रक्रिया में सुधार, और बिनोद कुमार सिंह से साइबर अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी अधिकारी शीघ्र ही अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।




