सिंगरौली
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस परिवार के साथ उल्लासपूर्वक मनाया दीपावली मिलन समारोह
पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन, खेल प्रतियोगिताएँ एवं मिठाई वितरण के साथ मनाया गया पर्व

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । दीपावली पर्व के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक जिला सिंगरौली मनीष खत्री (भा.पु.से.) की अगुवाई में एवं उनकी धर्मपत्नी खत्री की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस लाइन पचौर स्थित पुलिस कॉलोनी परिसर में दीपावली मिलन समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं पारिवारिक वातावरण में आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश जी की विधिवत पूजा-अर्चना से किया गया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं धर्म पत्नी द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया, जिससे पूरा परिसर दीपमालाओं और रंग-बिरंगी रोशनी से आलोकित हो उठा। इसके उपरांत बच्चों के मनोरंजन हेतु चेयर रेस एवं लेमन रेस प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आनंद लिया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती खत्री द्वारा पुलिस परिवार के समस्त सदस्यों को मिठाई वितरित की गई तथा सभी को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते, डीएसपी रोशनी कुर्मी, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी यातायात दीपेन्द्र सिंह, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, सूबेदार आशीष तिवारी, उप निरीक्षक प्रियंका शर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन, महिलाएँ और बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक दम्पत्ति एवं सभी अधिकारियों ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।




