गाजियाबाद
लोनी में बर्तनों के गोदाम में भीषण आग
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर, घंटों से मशक्कत जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद): लोनी क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पीएनबी बैंक के सामने स्थित एक बर्तनों के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेज लपटों के साथ धुआँ चारों ओर फैल गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और लोग अपनी-अपनी दुकानो का सामान सामान सुरक्षित करने में जुट गए
घटना स्थल पर मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय अचानक गोदाम से धुआँ उठता देखा गया। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि आस-पास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेरकर लोगों को यहां से दूर हटाया, वहीं फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
संकरी गली ने बढ़ाई मुश्किलें
गोदाम संकरी गली में के पास स्थित होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ गली में अंदर तक नहीं जा पा रहीं थीं, जिसके चलते पाइप लाइनें लगाकर दूर से ही आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा था। आग की तीव्रता के कारण आसपास की दुकानों तक भी गर्मी और धुआँ फैल गया, जिससे दुकानदारों में डर का माहौल बना रहा।
घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर लगातार पानी की बौछारें कीं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। हालांकि, टीमों ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने में सफलता हासिल की।
गोदाम मालिक का नाम इमरान बताया जा रहा है
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस गोदाम में आग लगी है, वह बर्तनों का बड़ा स्टॉक गोदाम था और उसका मालिक इमरान नामक व्यापारी बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से यह हादसा हुआ होगा।
नुकसान का आंकलन जारी
गोदाम में रखे बर्तनों और अन्य सामान के जलने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन किया जा सकेगा। फिलहाल, कोई जनहानि की सूचना नहीं है।
स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फायर ब्रिगेड कर्मियों को तेजी से आग बुझाने के निर्देश दिए।

