अमेठी

लगातार हो रही रिमझिम बरसात से जनजीवन प्रभावित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

 

अमेठी। लगातार जिले में हो रही रिमझिम बरसात से किसानों का जनजीवन प्रभावित हो गया। लगातार बारिश से धान की कटाई प्रभावित हो गई है। जिन खेतों में धान की फसल कट चुकी है, वहां भीगने से दानों में अंकुरण शुरू होने की आशंका बढ़ गई है, वहीं जिन खेतों में कटाई शेष है, वहां पानी भरने से फसल काटने में और समय लगेगा। बरसात ने रबी सीजन की तैयारियों पर भी असर डाला है। खेतों में अत्यधिक नमी आने से गेहूं की बुवाई में कम से कम 10 दिन की देरी होने की संभावना जताई जा रही है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अगले 24 घंटे तक बारिश जारी रहती है, तो फसलों को गंभीर नुकसान हो सकता है। आलू, चना और मसूर जैसी फसलों के लिए भी यह मौसम नुकसानदायक साबित हो रहा है। अत्यधिक नमी के कारण बीज सड़ने और फसल रोगों के फैलने की संभावना बढ़ गई है। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि यदि एक दिन और बारिश होती है तो नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। लगातार बारिश के चलते जिले में ठंड भी बढ़ गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से लेकर शाम तक बादलों ने सूरज को नहीं निकलने दिया, जिससे पूरे दिन ठंडक बनी रही। खराब मौसम का असर बाजारों में भी दिखा। दिनभर दुकानों पर सन्नाटा पसरा रहा और व्यापारी ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button