अमरोहा
विधि विधानओर हवन पूजन के साथ क्या गया पोरारा गंगा मेले का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा /रहरा : गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पोरारा गंगा घाट पर सोमवार को गंगा मेला का शुभारंभ पूरे विधि-विधान, हवन-पूजन और गंगा आरती के साथ बड़े ही श्रद्धा और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा स्नान के लिए घाट पर उमड़ पड़ी। शंखनाद और मंत्रोच्चारण के बीच मां गंगा की आरती होते ही पूरा क्षेत्र भक्ति भावना से सराबोर हो गया। वहीं ग्रामीणों ने गंगा मैया के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड्गवंशी ने मां गंगा की आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि गंगा मेला भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का जीवंत उदाहरण है, जो लोगों को एकता, भाईचारे और स्वच्छता का संदेश देता है। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन और पवित्र स्थलों के सौंदर्यीकरण को लेकर लगातार कार्य कर रही है ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत, उपजिलाधिकारी पुष्कर नाथ चौधरी, खंड विकास अधिकारी अश्विनी कुमार सिद्धू और ग्राम प्रधान इशरत अली सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी और अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेला कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिए।
गंगा मेला को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। पुलिस बल और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को घाट और मेला परिसर में तैनात किया गया था ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष मार्ग निर्धारण किया गया। मेला स्थल पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था देखी गई।
ग्राम प्रधान इशरत अली ने बताया कि यह गंगा मेला सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक है, जो लोगों में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता का संदेश देता है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गंगा मेला में दूर-दराज के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें और भक्ति संगीत के कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे दिन श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर दान-पुण्य किया और शाम को गंगा आरती के समय दीपों से सजा घाट मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।



