
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोआरीजोर। प्रखंड के मेघी पंचायत स्थित खिजुरिया गांव की गरीब आदिवासी बुजुर्ग महिला की मदद के लिए समाजसेवी एवं भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव दीनबंधु मंडल आगे आए। हाल ही में हुई लगातार बारिश से महिला के घर में पानी भर गया था। जिससे उसका अनाज और जरूरी सामान पूरी तरह भीगकर नष्ट हो गया था। दीनबंधु मंडल ने मौके पर पहुंचकर महिला को चावल, आटा, आलू, दाल, तेल सहित अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि यह सहायता मानवता के नाते दी गई है। कहा कि वे गोड्डा के उपायुक्त से अपील करते हैं कि महिला को जल्द से जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया घर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग महिला अकेली रहती है और उसका मिट्टी का घर अब बेहद जर्जर हो चुका है। बारिश के दिनों में घर में पानी भर जाने से रहना मुश्किल हो गया है। इस संबंध में बोआरीजोर बीडीओ मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और पात्रता की पुष्टि होते ही महिला को आवास मुहैया कराया जाएगा।



