जिला कृषि अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी संग्रामपुर।स्थानीय विकास खंड में नव निर्मित किसान कल्याण केंद्र का जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की खाद व बीज संबंधी समस्याओं को सुना और मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान कराया। निरीक्षण के दौरान कुछ किसानों ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण उनका नाम अन्य विकास खंड में दर्ज हो गया है, जिस पर डॉ. यादव ने कृषि अधिकारी चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय को किसानों की खतौनी व आधार कार्ड लेकर नाम संशोधन कराकर उन्हें लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कृषि सेवा केंद्र पर डीएपी खाद की उपलब्धता को लेकर भी किसानों ने शिकायत की। वहीं प्रभारी द्वारा उठान नहीं किया गया है, जिसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। किसान राधेश्याम सिंह सहित कई किसानों ने गेहूं बीज न मिलने की शिकायत की, जिस पर डॉ. यादव ने फोन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि नव निर्मित किसान कल्याण भवन का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसका उद्घाटन शीघ्र मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अनेक किसान उपस्थित रहे।



