बरेली
बरेली में बनेगा अस्थायी डिटेंशन सेंटर
रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के सत्यापन और वापसी की तैयारी शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। प्रदेश भर में सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों को वापस भेजने की दिशा में प्रशासन सक्रिय हो गया है। घुसपैठियों की पहचान से लेकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें रखने के लिए बरेली में अस्थायी हिरासत केंद्र (डिटेंशन सेंटर) बनाया जाएगा। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने डीएम अविनाश सिंह को तैयारियां शुरू करने को कहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों जिलों में अवैध रूप से रहने वाले रोहिंग्या और बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने को कहा था। उन्होंने घुसपैठियों के सत्यापन के लिए अस्थायी डिटेंशन सेंटर बनाने के निर्देश दिए थे। बरेली मंडल के आयुक्त ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। उन्होंने डीएम अविनाश सिंह से अभियान चलाकर घुसपैठियों को चिह्नित करने को कहा है।
इसके लिए बांग्ला भाषी लोगों का सहयोग लेने को भी कहा है। बांग्ला भाषी लोग उनकी बोली व हाव-भाव को आसानी से पहचान सकेंगे, जिससे घुसपैठियों को चिह्नित करने में आसानी होगी। घुसपैठियों को चिह्नित करने के बाद उन्हें अस्थायी हिरासत केंद्र में रखकर भारत में आने का समय, कितने दिन से रह रहे, किस क्षेत्र से घुसपैठ की, अन्य कितने लोगों के साथ आए समेत अन्य पूछताछ की जाएगी।
घुसपैठियों से सभी जरूरी जानकारियों लेने के बाद उनके मुल्क वापस भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बरेली में अवैध रूप से रहने वाले घुसपैठियों के विरुद्ध एसएसपी अनुराग आर्य पहले भी अभियान चला चुके हैं। अगस्त में अवैध दस्तावेजों के सहारे रहने वाली तीन बांग्लादेशी महिलाओं को चिह्नित किया था। उनके विरुद्ध प्राथमिकी लिखाई गई। एसएसपी का कहना है कि घुसपैठियों के विरुद्ध दोबारा अभियान शुरू करेंगे।



