कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने किया चुनाव आयोग से मशीन-रीडेबल मतदाता सूची की मांग।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : कांग्रेस सांसद और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) अध्यक्ष गौरव गोगोई ने अपने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव आयोग से सभी आगामी विधानसभा चुनावों में मशीन-रीडेबल मतदाता सूची लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के दौर में मैनुअल मतदाता सूची बड़ी स्तर पर फर्जीवाड़े का कारण बन रही है, जबकि आईटी सुपरपावर भारत में यह व्यवस्था क्यों नहीं अपनाई जा रही। गोगोई ने बिहार चुनावों के बाद चुनाव आयोग पर जनता का भरोसा खोने का आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इसकी वजह स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा उठाई गई इस मांग को दोहराते हुए कहा कि तकनीकी सुरक्षा ही अंतिम समय में फर्जी वोटर जोड़ने को रोक सकती है। उन्होंने चुनाव आयोग के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं:
1. सभी आगामी चुनावों के लिए मशीन-रीडेबल मतदाता सूची का तत्काल लागूकरण।
2. मतदाता सूची की पूर्ण डिजिटलीकरण और केंद्रीकृत सॉफ्टवेयर आधारित तैयारी।
3. आधुनिक सुरक्षित प्रारूप अपनाने में बाधाओं का सार्वजनिक खुलासा।
4. ड्राफ्ट सूची के बाद हर जोड़-घटाव की सख्त ऑडिट ट्रेल।
गौरव गोगोई ने असम सहित केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुदुच्चेरी चुनावों के लिए तुरंत सुधार की जरूरत बताई, ताकि लोकतंत्र की रक्षा हो सके।



