
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। गोवर्धन तहसील में उस समय हड़कंप मच गया, जब उधारी के पैसे न मिलने से परेशान एक व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा था। यह घटना थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव तसिया से संबंधित है। पीड़ित राजेश ने गांव के ही विष्णु नामक व्यक्ति को कुछ पैसे उधार दिए थे। राजेश का आरोप है कि विष्णु न केवल पैसे लौटाने में आनाकानी कर रहा है, बल्कि पैसे मांगने पर उसे एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दे रहा था। धमकियों से परेशान होकर और अपनी मेहनत की कमाई डूबते देख, राजेश दोपहर में ज्वलनशील पदार्थ लेकर गोवर्धन तहसील पहुंच गया। उसने परिसर में ही आत्मदाह करने का प्रयास किया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए राजेश को आत्मदाह करने से रोका और उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। इस दौरान राजेश के परिवार के लोग भी तहसील पहुंचे और उन्होंने जमकर हंगामा किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवार को समझा-बुझाकर शांत कराया। कड़ी कानूनी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद राजेश का परिवार शांत हुआ। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।



