बाल विवाह रोकने के लिए गोमिया में जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आकांक्षी गोमिया प्रखंड के आई.ई.एल. स्थित मनोरंजन केंद्र में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय बाल विवाह कार्यशाला में गोमिया प्रखंड को बाल विवाह मुक्त प्रखंड घोषित किया गया। कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के माननीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बोकारो जिला की उप-विकास उपायुक्त शताब्दी मजुमदार उपस्थित रहीं।
मौके पर पौधा भेंटकर माननीय मंत्री जी का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और समाज में इसके प्रति शून्य सहनशीलता की सोच विकसित करना था।
माननीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक प्रयास, जागरूकता और मजबूत जन-भागीदारी से गोमिया प्रखंड को शत-प्रतिशत बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकता है। बेटी आज परिवार और समाज दोनों का गौरव बढ़ा रही है, इसलिए उसका भविष्य सुरक्षित और सशक्त बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बाल विवाह को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की बात कही।
उप-विकास उपायुक्त शताब्दी मजुमदार ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है और इसे रोकने के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाल विवाह पर रोकथाम से जुड़े सभी प्रावधानों को पूर्ण सख्ती और संवेदनशीलता के साथ लागू करने के प्रति प्रतिबद्ध है।
मंच पर जिला परिषद सदस्य डॉ. सुरिंदर राज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. जितेंद्र प्रसाद, गोमिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष पंकज पांडे, तथा बीएसडब्ल्यू की सुमन गुप्ता भी सम्मानपूर्वक उपस्थित थीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन रोजगार सेवक विनय गुरु द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने बाल विवाह उन्मूलन की शपथ ली। साथ ही, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बाल विवाह रोकने में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। इस अभियान में उत्कृष्ट भूमिका निभाने के लिए बीडीओ महादेव कुमार महतो को भी सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में गोमिया प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



