बेतुल
बैतूल मलकापुर के किसानों को मिली आधुनिक गन्ना बुवाई मशीन
कम समय, कम खर्च और ज्यादा उत्पादन देने वाली मशीन पहुंची गांव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। श्रीजी शुगर मिल सोहागपुर द्वारा लगातार किसानों के हित में सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी प्रयास के तहत आज गन्ना बुवाई की आधुनिक मशीन मंगवाई गई, जिसे मलकापुर के दो किसान आरेंद्र पटेल और मोहित पटेल को प्रदान किया गया। श्रीजी शुगर मिल सोहागपुर के संचालक अभिषेक गोयल ने बताया कि इस मशीन से किसानों को कम समय में अधिक कार्य करने की सुविधा मिलेगी। मजदूरों की कमी से जूझ रहे किसानों को इससे बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि यह मशीन कम समय में गन्ना बुवाई पूरी कर देती है।
गन्ना प्रबंधक अनुज तोमर ने जानकारी दी कि यह मशीन एक साथ गन्ना उपचारित करना, खाद डालना और बुवाई करना तीनों काम करती है। किसान आरेंद्र पटेल ने बताया कि उन्हें 35 एकड़ में गन्ना बुवाई का कार्य करना है, जो अब मशीन की मदद से बहुत कम समय में संभव हो जाएगा और मजदूर संकट भी नहीं रहेगा। वहीं मोहित पटेल ने कहा कि इस मशीन के जरिए वे अपनी बुवाई के साथ किराए पर बुवाई कर एक नया रोजगार भी शुरू कर सकेंगे।
ग्राम मलकापुर के किसान प्रेमकांत वर्मा ने बताया कि श्रीजी शुगर मिल किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। किसानों के उपयोगी उत्पाद उपलब्ध कराने और उन्हें उचित दाम पर देने की मिल की व्यवस्था सराहनीय है। उनका कहना है कि ऐसे कदमों से किसानों की आय निश्चित रूप से दोगुनी होगी।




