शीतकालीन सत्र से पूर्व सर्वदलीय बैठक में शामिल हुए सीएम योगी
सभी दलों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र की पूर्व संध्या पर गुरुवार को लखनऊ स्थित विधान भवन में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में हिस्सा लिया तथा सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने की। इसमें संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित विभिन्न दलों के प्रमुख नेता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन जनता की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करने वाला महत्वपूर्ण मंच है तथा विधायी कार्यों एवं जनहित के मुद्दों पर गंभीर एवं सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी दलों से सदन की गरिमा बनाए रखने तथा तथ्यपूर्ण एवं रचनात्मक बहस करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी विधानसभा है तथा इसकी कार्यवाही पूरे देश के लिए आदर्श प्रस्तुत करती है। बैठक में सभी दलों ने सत्र के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से शुरू होकर 24 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान अनुपूरक बजट, विभिन्न अध्यादेशों को विधेयक का रूप देने तथा अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक सत्र के सुचारू संचालन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




