गोड्डा
मेहरमा–बलबड्डा सीमा पर सड़क सुरक्षा व बाल विवाह रोकथाम को लेकर संयुक्त जागरूकता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : मेहरमा थाना एवं बलबड्डा थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित भुस्का हाट तथा धोरीचक के समीप सोमवार को संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर एवं बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने एवं नशे की हालत में वाहन न चलाने को लेकर जागरूक किया गया।इस अवसर पर पुलिस द्वारा आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और इसे रोकने में समाज की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया गया। थाना प्रभारियों ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और समाज को सुरक्षित व जागरूक बनाया जा सके।



