ललितपुर
पूर्ति निरीक्षक की टीम ने की छापेमार कार्यवाही
घरेलू एलपीजी सिलेण्डर से होटल में व्यवसायिक उपयोग
होटल मालिक के खिलाफ ईसी एक्ट में दर्ज हुयी एफआईआर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर में संचालित होटलों व रेस्टोरेंटों पर घरेलू सिलेण्डरों के धड़ल्ले से हो रहे उपयोग के खिलाफ पूर्ति विभाग ने कार्यवाही की है। जिला पूर्ति अधिकारी उमेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षकों की टीम ने छापेमार कार्यवाही करते हुये स्टेशन के पास स्थित पाराशर भोजनालय से तीन घरेलू सिलेण्डर बरामद किये हैं। होटल पर उपयोग किये जा रहे घरेलू सिलेण्डर को लेकर पूर्ति निरीक्षक ने होटल मालिक पर एफआईआर दर्ज करायी है। लगातार मिल रहीं सूचनाओं के आधार पर जिला पूर्ति निरीक्षक के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक हेमन्त कुमार जोशी, पूर्ति निरीक्षक दीपक जैन व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बहादुर सिंह की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित पाराशर होटल में निरीक्षण किया। मौके पर होटल के उस्ताज गुल्ले पुत्र रामप्रसाद रैकवार से मालिक की जानकारी ली गयी। कुछ समय पश्चात होटल मालिक मनीष पाराशर पुत्र ओमप्रकाश होटल आ पहुंचे। टीम ने होटल में घरेलू एलपीजी गैस का व्यवसायिक उपयोग होता पाया गया। घरेलू गैस सिलेण्डरों के कागजात भी होटल मालिक नहीं दिखा सके और कोई संतोषजनक उत्तर नहीं था। टीम ने होटल से तीन घरेलू एलपीजी सिलेण्डर बरामद कर सिविल लाइन स्थित भारत गैस एजेन्सी को सुपुर्द किये। टीम के पूर्ति निरीक्षक दीपक जैन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पाराशर होटल के मालिक मनीष के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।



