गोड्डा

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की भूमि से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने की दिशा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC) एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र (HSC) की भूमि से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई।
बैठक का उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रस्तावित/निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए उपलब्ध भूमि की स्थिति, स्वामित्व, सीमांकन, अतिक्रमण एवं दस्तावेजीकरण से संबंधित मुद्दों की गहन समीक्षा करना था।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों हेतु चिन्हित भूमि का शीघ्र सीमांकन कराते हुए भू-अभिलेखों का अद्यतन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य से जुड़े आधारभूत ढांचे के विकास में भूमि संबंधी किसी भी प्रकार की बाधा को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर भूमि विवाद, अतिक्रमण अथवा स्वामित्व संबंधी समस्याएं लंबित हैं, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई करें। इसके साथ ही, भूमि हस्तांतरण, पंजीयन एवं नक्शा सत्यापन की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर बल दिया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों द्वारा PHC एवं HSC निर्माण की प्रगति, भूमि उपलब्धता की स्थिति तथा भविष्य की आवश्यकताओं के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए पर्याप्त एवं विवादमुक्त भूमि उपलब्ध होना आवश्यक है, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा सकें।
बैठक में उपविकास आयुक्त , दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, सिविल सर्जन, डॉ0 एससी शर्मा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button