गाजियाबाद
चार वाहन चोरी से मचा हड़कंप, अंकुर विहार थाना पुलिस की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
लोनी में बेखौफ बदमाशों ने कार समेत तीन दोपहिया उड़ाए, पुलिस बनी रही अनजान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी ; अंकुर विहार थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन चोरों ने एक के बाद एक चार वाहनों की चोरी कर पुलिस की लचर कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। इन सिलसिलेवार घटनाओं से न सिर्फ स्थानीय नागरिकों में दहशत पैदा कर दी है, बल्कि पुलिस की सक्रियता पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर थाना पुलिस किस गहरी नींद में सोई हुई थी, जो बदमाश खुलेआम एक कार और तीन दोपहिया वाहन चोरी कर फरार हो गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गश्त और निगरानी होती, तो चोरों के हौसले इतने बुलंद न होते।
सूत्रों के अनुसार, वाहन चोरों ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया और आसानी से क्षेत्र से निकल गए। वहीं दूसरी ओर, अंकुर बिहार थाना पुलिस केवल जांच-पड़ताल और छानबीन का दावा करते हुए मामले में बस औपचारिकता निभाती नजर आ रही है।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से आम जनता में भारी रोष व्याप्त है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इन वारदातों का खुलासा कर पाती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।


