शामली
निर्माणाधीन दीवार तोडने का मामला तीन पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झिंझाना : क्षेत्र के गांव रोटन में भूमि पर चारदीवारी तोड़ने को लेकर विवाद सामने आया है। हरियाणा के पानीपत निवासी गगनीश भाटिया ने भूमि पर कब्जा करने की नीयत से कुछ लोगों पर दीवार को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीडित गगनीश भाटिया निवासी पानीपत हरियाणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने ग्राम रोटन में खसरा संख्या 270, रकबा 28.50 बीघा भूमि क्रय की है। उक्त भूमि पर चारदीवारी के लिए रेडीमेड बाउंड्री का कार्य चल रहा था। आरोप है कि 12 जनवरी 2026 को ग्राम मंसूरा निवासी आलीशान, बैसर मुस्तकीम सहित अन्य लोगों ने उनकी भूमि पर जबरन कब्जा करने की नीयत से निर्माणाधीन दीवार को तोड दिया। पीडित के अनुसार जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली गलौच की और जान से मारने तथा जमीन पर कब्जा कर भगा देने की धमकी दी। दीवार तोडे जाने से उन्हें करीब तीन से चार लाख रुपये की आर्थिक हानि हुई है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।


