शामली
शॉर्ट सर्किट से कच्चा मकान जला, गरीब मजदूर के सिर से छिनी छत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र में बुधवार की रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक गरीब मजदूर परिवार की जिंदगी को झकझोर कर रख दिया। कच्चे मकान में लगी आग से घरेलू सामान, कपड़े, अनाज, बर्तन और लकड़ी की छत पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पीड़ित महक सिंह के अनुसार आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था।
चौसाना क्षेत्र के ऊदपुर में बुधवार की रात करीब साढ़े नौ बजे महक सिंह के कच्चे मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। उस समय महक सिंह मजदूरी के लिए करनाल गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी और चारों बच्चे पास में बने उसके भाई के मकान में टीवी देखने चले गए थे। जब पत्नी और बच्चे वापस लौटे तो देखा कि उनके घर से आग की लपटें उठ रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि उस समय सभी लोग घर में सो रहे होते तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक कच्चे मकान में रखा सारा सामान जल चुका था। मकान की लकड़ी की छत भी पूरी तरह जल गई, जिससे घर रहने लायक नहीं बचा।
मैनपाल, जितेंद्र, विनोद, अंकित, पिंकू आदि ग्रामीणों ने बताया कि महक सिंह बेहद गरीब मजदूर है। उसके पास न तो कोई जमीन है और न ही आय का कोई स्थायी साधन। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण करता है। यही कच्चा मकान उसके परिवार का एकमात्र सहारा था, जो आग में जलकर खाक हो गया।


