मेरठ

पूर्वोत्तर के युवा भारत के स्किल्ड वर्कफोर्स का नेतृत्व करने को तैयार: जयन्त चौधरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने गुवाहाटी, असम स्थित गौहाटी विश्वविद्यालय में पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए इंडियास्किल्स क्षेत्रीय प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंडियास्किल्स केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्कृष्टता, अनुशासन और श्रम की गरिमा का उत्सव है, जो यह दर्शाता है कि पूर्वोत्तर के युवा भारत के स्किल्ड वर्कफोर्स का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं।
यह प्रतियोगिता कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सहयोग से पहली बार पूर्वोत्तर क्षेत्र में आयोजित की जा रही है। इसमें असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम के 162 युवा प्रतिभागी 26 विभिन्न कौशल क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी, क्लाउड कंप्यूटिंग, मोबाइल एप डेवलपमेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स, सीएनसी, वेल्डिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, हॉस्पिटैलिटी, हेल्थ और रिटेल जैसे आधुनिक व पारंपरिक कौशल इसमें शामिल हैं।
मंत्री जयन्त चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के निरंतर फोकस और नीतिगत प्राथमिकताओं से पूर्वोत्तर के युवाओं में आत्मविश्वास और अवसरों का विस्तार हुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा और कौशल विकास के एकीकरण पर भी जोर दिया। उद्घाटन समारोह में गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नानी गोपाल महंत, असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा कौशल विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव हेना उस्मान सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
इंडियास्किल्स प्रतियोगिता की बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता सिद्ध करेंगे और आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त करेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button