बिना सूचना और बिना नोटिस दिए मकान ध्वस्त किए जाने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली।(फुरकान जंग )गुरूवार को कस्बा बनत के मोहल्ला रैदासपुरी में बिना पूर्व सूचना और नोटिस के मकान ध्वस्त किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवारों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ितों का कहना है कि मकान ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से वे बेघर हो गए हैं और उनके सामने गंभीर आवासीय संकट खड़ा हो गया है। शिकायत में बताया गया कि पीड़ितों ने आमिर, आशिफ, करण, राकेश सहित अन्य भूमि स्वामियों एवं डीलरों से रजिस्टर्ड बैनामा के माध्यम से भूमि क्रय की थी। बैनामे की पूरी प्रक्रिया उप-निबंधक कार्यालय शामली में नियमानुसार पूरी की गई और स्टांप शुल्क आदि का भुगतान भी किया गया। भूमि खरीदने के बाद पीड़ितों ने उस पर अपने मकान बनाकर परिवार सहित निवास शुरू कर दिया था। आरोप है कि एमडीए विभाग द्वारा बिना किसी प्रकार का नोटिस, सूचना अथवा समन जारी किए अचानक मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से पीड़ित परिवारों के सिर से छत छिन गई और छोटे-छोटे बच्चों सहित उन्हें सड़क पर रहने को मजबूर होना पड़ा। पीड़ितों ने बताया कि वे सभी गरीब परिवार से हैं और उन्होंने उधार व लोन लेकर जमीन खरीदी तथा मकान निर्माण कराया था। अचानक हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई कर पाना उनके लिए असंभव है। पीड़ित पंकज कुमार, राजकुमार सहित अन्य निवासियों ने डीएम से मांग की है कि पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर एमडीए द्वारा बिना नोटिस की गई कार्रवाई की जांच कराई जाए तथा उन्हें उचित क्षतिपूर्ति दिलाई जाए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन सामान्य रूप से शुरू कर सकें।


