शामली

मौसम ने बदली करवट दिनभर रुक रुक कर होती रही बारिश 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली पिछले कई दिनों से मौसम के साफ रहने और तेज धूप खिलने के बाद शुक्रवार को एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सवेरे से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और तड़के शुरू हुई बूंदाबांदी के बाद दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। सुबह करीब आठ बजे से दोपहर एक बजे तक लगातार बारिश होने के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर जलभराव और कीचड़ की समस्या पैदा हो गई, जिससे लोगों को आवागमन में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिनभर बारिश के साथ 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने एक बार फिर मौसम में ठंडक घोल दी। पिछले तीन दिनों से लगातार तेज धूप निकलने के कारण जहां मौसम का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं शुक्रवार को अचानक हुए मौसम परिवर्तन से तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई गिरावट के चलते सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया गया, जिससे लोगों ने एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लिया।
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते बाजारों में भी दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं खेतों में खड़ी फसलों को हल्की बारिश से कुछ हद तक फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि लगातार बारिश होने पर आलू की फसल को नुकसान की आशंका से किसान भी चिंतित नजर आए। वही बारिश के बाद शहर के कबाडी बाजार, नेहरू मार्किट, कैराना रोड, विजय चौक, कलंदरशाह, पंसारियान, नई बस्ती आदि स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी रही। बारिश हल्की होने पर शहर के बाजारों बडा बाजार, नया बाजार, गांधी चौक, माजरा रोड पर कीचड फैलने से पैदल चलने वाले लोगों को परेशानियां हुई है। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने लोगों को एक बार फिर सर्दी का अहसास करा दिया है और आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button