कैराना
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दो युवक गंभीर घायल, मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के रामड़ा बाईपास पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सरकारी अस्पताल कैराना ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें शामली रेफर कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पावटीकला निवासी आरिफ पुत्र फरयाद ने पुलिस अधीक्षक शामली को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 16 जनवरी की रात करीब एक बजे उसके पिता फरयाद और बसारत पुत्र महमूद रामड़ा बाईपास पर गन्ने की गाड़ी के पास खड़े थे। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार समीर पुत्र मतलूब निवासी गुलशननगर, अपने एक अज्ञात साथी के साथ तेज गति और लापरवाही से आया और दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल कैराना पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए शामली रेफर कर दिया। घायल फरयाद का इलाज वर्तमान में कीड़ा मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल, शामली में चल रहा है। पीड़ित आरिफ ने बताया कि घायलों की गंभीर स्थिति के कारण वह तत्काल पुलिस को तहरीर नहीं दे सका। बाद में स्थिति सामान्य होने पर उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी के आदेश पर कैराना पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
