शामली
स्मार्ट मीटर गड़बड़ी व बिजली समस्याओं को लेकर उपकेंद्र पर 5 घंटे धरना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र में बढ़ती विद्युत समस्याओं और स्मार्ट मीटर में कथित गड़बड़ियों के विरोध में किसानों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने सोमवार को चौसाना विद्युत उपकेंद्र पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे शुरू हुआ धरना शाम 4 बजे तक चला। प्रदर्शनकारियों ने अधिशासी अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। धरने में पचास से अधिक ग्रामीण शामिल रहे।
चौसाना बिजलीघर पर धरनारत लोगों का आरोप था कि पिछले कुछ महीनों से चौसाना, टोडा, खोडसमा और दथेडा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी के कारण उपभोक्ताओं को गलत और बढ़े हुए बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि शिकायत करने पर समाधान के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। इतना ही नहीं, बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन काटे जाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे किसान और आम उपभोक्ता दोनों परेशान हैं।
प्रदर्शनकारियों ने जर्जर विद्युत लाइनों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि 33 हजार वोल्ट की लाइन काफी पुरानी और खराब हालत में है, जिसके कारण बार-बार फॉल्ट और कट लगते हैं। इससे ट्यूबवेल प्रभावित हो रहे हैं और सिंचाई कार्य बाधित हो रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो फसलें प्रभावित होंगी और इसका जिम्मेदार विद्युत विभाग होगा।
भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। मजबूर होकर उन्हें धरने का रास्ता अपनाना पड़ा। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर की जांच, गलत बिलों की संशोधन प्रक्रिया, अवैध वसूली पर रोक और जर्जर लाइनों के तत्काल बदलने की मांग रखी गई।
धरने के दौरान अरविंद राठी, राजेश मित्तल, ओमपाल, इकराम, इरफान, कुलदीप, मैनपाल, अहशान और केपी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
