गोड्डा
अनुमंडल पदाधिकारी ने सुंदरपहाड़ी के विभिन्न स्कूलों का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सुंदरपहाड़ी। झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, 2026 के सुचारु, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव के द्वारा सुंदरपहाड़ी प्रखंड के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों यथा:-आईटीआई कॉलेज सुंदर पहाड़ी, प्लस टू उच्च विद्यालय सुंदरपहाड़ी, प्रभात तारा मिशन स्कूल चंदना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं में बैठक व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रश्न पत्रों के सुरक्षित वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा में प्रतिनियुक्त केंद्राधीक्षक, वीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की पवित्रता एवं निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों से भी अपील की कि वे शांतिपूर्ण वातावरण में, बिना किसी दबाव के परीक्षा दें। अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान नियमित रूप से निगरानी बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न ना हो। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका बास्की मौजूद थी।



