
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार की रात मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। थाना पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों से चोरी की दो बाइक, लूटे गए मोबाइल फोन और असलहा बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी चोरी और लूट के मामलों में वांछित थे।
सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि थाना भमोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके में हुई बाइक चोरी की घटनाओं से संबंधित दो संदिग्ध रम्पुरा बुजुर्ग अंडरपास के पास मौजूद हैं। उक्त सूचना पर पुलिस टीम ने रात में ही बताए गए स्थान पर जाकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।



