खैरथल

खैरथल में निशुल्क आयुर्वेद अंतरंग शल्य चिकित्सा शिविर का हुआ समापन

सैकड़ों रोगियों को मिला लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। स्वामी लीला शाह कुटिया, वल्लभ ग्राम में आयुर्वेद विभाग एवं आयुष मिशन के संयुक्त तत्वावधान में 6 फरवरी से संचालित निशुल्क आयुर्वेद अंतरंग शल्य चिकित्सा शिविर का समापन समारोहपूर्वक किया गया। समापन कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि शिवपाल जाट ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन एवं प्रभावशाली चिकित्सा पद्धति है। आयुर्वेद के सिद्धांतों और जीवनशैली का पालन करने से अनेक रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने इस प्रकार के शिविरों को जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद गेट अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद और एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति मिलकर कार्य करें तो यह आमजन के लिए और अधिक लाभकारी सिद्ध हो सकती है।
शिविर प्रभारी एवं सहायक निदेशक डॉ. सुरेश वर्मा ने शिविर की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के दौरान सैकड़ों रोगियों का क्षार सूत्र विधि से भर्ती कर सफल उपचार किया गया, वहीं लगभग 3500 रोगियों को बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में परामर्श एवं औषध वितरण कर लाभान्वित किया गया। इसके साथ ही अग्निकर्म, पंचकर्म एवं स्वर्ण प्राशन जैसी आयुर्वेदिक पद्धतियों से भी रोगियों का उपचार किया गया।
मुख्य अतिथि ने जयपुर से आए सर्जन डॉ. रामनिवास यादव, सहायक सर्जन डॉ. राधेश्याम प्रजापत एवं डॉ. पंकज गुप्ता को सम्मानित किया तथा शिविर में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कई रोगियों ने भी अपने उपचार से जुड़े सकारात्मक अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग अलवर डॉ. करण सिंह दहिया ने की तथा उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। भामाशाह ए-वन फुटवियर की ओर से शिविर स्टाफ को पानी के कैंपर भेंट कर सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन वरिष्ठ कंपाउंडर कैलाश चंद माण्डेया एवं नेमीचंद जाटव ने किया। अंत में सहायक निदेशक एवं सह शिविर प्रभारी डॉ. अजीत बाल्यान ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमा दत्त शर्मा, डॉ. अशोक यादव, डॉ. अरुण मुद्गल, डॉ. उमेंद्र मीणा, डॉ. अशोक चौधरी, डॉ. यादराम गुर्जर, डॉ. मुकेश साहू, डॉ. पवन यादव, डॉ. कुसुम यादव, डॉ. पूजा अग्रवाल, डॉ. महेंद्र प्रजापत, डॉ. रमन सहित अन्य चिकित्सक, कंपाउंडर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में सेवाएं देने वाले सभी कर्मियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button