ललितपुर
घर से बुलाकर ले गए युवक का शव नदी में मिला, हत्या की आशंका
मां की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
गले पर निशान और नाक से खून मिलने से बढ़ा संदेह
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को घर से बुलाकर ले जाने के बाद उसका शव नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए पुलिस से नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुरा निवासी शीला पत्नी स्व.मानसिंह ने चौकी प्रभारी घंटाघर को दी तहरीर में बताया कि 19 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे उनके छोटे पुत्र संदीप को शहर के ही कुछ युवक घर से बुलाकर ले गए। उस समय घर के बाहर दो अन्य अज्ञात लोग भी खड़े थे, जिन्हें प्रार्थिनी चेहरे से पहचानती हैं। तहरीर के अनुसार, जब शीला ने पूछा कि संदीप को कहां ले जा रहे हो तो आरोपियों ने कहा कि कुछ बात करनी है, अभी आ जाएगा। लेकिन देर रात तक संदीप घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई, मगर उसका कोई पता नहीं चला। बताया गया कि संदीप मोबाइल फोन भी अपने पास नहीं रखता था, जिससे संपर्क नहीं हो सका। पीडि़ता के अनुसार, 20 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि संदीप का शव शहजाद नदी में डोंड़ाघाट के पास पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान संदीप के रूप में की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। परिजनों का कहना है कि शव की नाक से खून निकल रहा था और गले पर निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की मां शीला ने पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर नामजद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



