नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बस अड्डों, बाजारों और स्कूलों में पहुंची टीमें
हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के लिए किया प्रेरित
ललितपुर। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। अभियान के अंतर्गत जनपद के थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्र और एंटी रोमियो टीमों ने बस अड्डों, बाजारों, पार्कों, स्कूलों तथा गांव-गांव जाकर महिलाओं व किशोरियों से संवाद किया। इस दौरान उन्हें आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता, यौन उत्पीडऩ से बचाव, साइबर अपराध से सतर्क रहने के उपाय तथा कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीमों ने विशेष रूप से साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को सावधान किया कि साइबर ठग अक्सर डर और लालच का सहारा लेते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ओटीपी को साझा न करने की सख्त सलाह दी गई। अभियान के दौरान महिलाओं को आपात स्थिति में तुरंत सहायता पाने के लिए हेल्पलाइन नंबरों—112 (आपातकालीन सेवा), 1090/1091 (महिला सुरक्षा हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन)—की जानकारी देकर इनके त्वरित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि छेड़छाड़, उत्पीडऩ या साइबर ठगी की किसी भी सूचना पर पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई करेगी। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नारी सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि ललितपुर पुलिस का दृढ़ संकल्प है।



