
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के गंगारामपुर खेड़की गांव में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर की रसोई में गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। महिला की सतर्कता और ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। आग से रसोई का सामान जलकर राख हो गया, लेकिन गनीमत रही कि सिलेंडर नहीं फटा।
चौसाना क्षेत्र के गंगारामपुर खेड़की निवासी अंकिता (30) पत्नी बृजपाल रविवार दोपहर करीब दो बजे अपने घर की रसोई में खाना बना रही थीं। अचानक गैस सिलेंडर से आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख अंकिता किसी तरह रसोई से बाहर निकलीं और शोर मचा दिया। शोर सुनते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने पहले आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसी दौरान गांव में मौजूद गैस एजेंसी का सिलेंडर सप्लाई करने वाला एक युवक अपनी गाड़ी में रखा अग्निशमन सिलेंडर लेकर पहुंचा। उसने आग बुझाने की कोशिश की, मगर सिलेंडर में गैस कम होने के कारण वह भी जल्द खाली हो गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश तेज कर दी। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड और चौसाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग शांत हो चुकी थी।
आग की इस घटना में रसोई में रखा राशन, बर्तन और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि किसी के हताहत न होने और सिलेंडर के न फटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।


