ललितपुर
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से 1163 बच्चों को मिल रहा सहारा : जिलाधिकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जनपदवासियों को अवगत कराया है कि सरकार निराश्रित महिलाओं व बच्चों के पुनर्वास एवं संरक्षण के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना प्रमुख है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के हजारों बच्चों को आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे उनके पालन-पोषण और शिक्षा में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आ रही और वे अपने भविष्य का निर्माण कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद के कुल 1163 बच्चों को इस योजना से लाभान्वित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जनपद के 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे निराश्रित बच्चे, जिन्होंने कोविड-19 के दौरान अपने माता-पिता दोनों को अथवा माता या पिता में से किसी एक को खो दिया है, इसके अतिरिक्त 18 से 23 वर्ष के ऐसे किशोर जिनके माता-पिता का कोविड या अन्य कारणों से निधन हो गया है, तथा जेल में निरुद्ध बंदियों के बच्चों की देखरेख, शिक्षा और पालन-पोषण के लिए उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) संचालित की जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक अभिभावक ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह ने बताया कि योजना के तहत वे बच्चे पात्र होंगे जिनके माता-पिता दोनों की मृत्यु 01 मार्च 2020 के बाद हो चुकी हो और अभिभावक भी न हो, अथवा माता-पिता में से किसी एक की मृत्यु हो गई हो और माता तलाकशुदा या परित्यक्ता हो। इसके अलावा बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति या बाल वेश्यावृत्ति से मुक्त कराए गए बच्चे तथा ऐसे परिवारों के बच्चे जिनके माता-पिता या मुख्य कर्ता जेल में हैं, भी योजना के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि पात्र परिवार के अधिकतम दो बच्चों को प्रति बालक/बालिका 2500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। आवेदन के लिए अभिभावक व बच्चे का आधार कार्ड, संयुक्त फोटो, संरक्षक का बैंक खाता, तीन लाख रुपये से कम आय प्रमाण पत्र, 01 मार्च 2020 के बाद का मृत्यु प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल फीस रसीद या प्रमाणित प्रति, राशन कार्ड/निवास प्रमाण पत्र/परिवार रजिस्टर की नकल आदि दस्तावेज आवश्यक होंगे। जनपद में वर्तमान में कुल 1163 लाभार्थियों में 195 बच्चे कोविड श्रेणी और 968 बच्चे सामान्य श्रेणी के अंतर्गत योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।