
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। ग्राम मजौना में हालात यह हैं कि जिस पंचायत भवन से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए, उसी भवन पर ताला लटका हुआ है। हैरानी की बात यह है कि पंचायत भवन के मुख्य गेट के ठीक सामने खुलेआम अवैध रेत का भंडारण किया गया है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह मौन बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन कई दिनों से बंद पड़ा है, जिससे प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास, मनरेगा और अन्य शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। दूसरी ओर, सार्वजनिक परिसर के सामने रेत का ढेर लगाकर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थल पर रेत का भंडारण स्पष्ट रूप से अवैध है। सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में यह काम चल रहा है? क्या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है, या जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब जागेगा या फिर यूं ही नियमों की धज्जियां उड़ती रहेंगी और जिम्मेदार आंख मूंदे बैठे रहेंगे।



