आम जनता के लिए खोलने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर के सिविल लाइन स्थित चर्च के पीछे स्थित नगर पालिका संचालित तुलसी राम औषधि पार्क को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पार्क को आम जनता के लिए खुलवाने और अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है। डीएम के आदेश पर अधिशाषी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने नपा अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ तुलसीराम पार्क पहुंचकर वहां का निरीक्षण किया और नगर पालिका का ताला डालते हुये कहा कि पार्क को नियमानुसार आम लोगों के लिए खोला जाये।शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पार्क पर अधिकांश समय ताला लगा रहता है, जिससे आम लोगों को इसका उपयोग नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्क का निजी उपयोग किया जा रहा है और यहां लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के औषधीय पौधों को उखाड़कर उनकी जगह फूलदार पौधे लगा दिए गए हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि पार्क परिसर में निजी सोफे रख दिए गए हैं तथा टीन शेड लगाकर इसे मनोरंजन स्थल में तब्दील कर दिया गया है। स्थानीय लोगों से विकास के नाम पर अवैध उगाही किए जाने की भी बात कही गई है। देर रात तक लाउडस्पीकर पर फिल्मी गीत बजने से आसपास के मोहल्ले, विद्यालय और चिकित्सालय प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पार्क में पुन: औषधीय पौधों का रोपण कराया जाए, पार्क को आम जनता के लिए नियमित रूप से खोला जाए तथा पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



