
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल ने औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित लंबित प्रकरणों को निर्धारित समय अवधि में निपटाने के निर्देश दिए। बैठक का आयोजन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड के निर्देशन में किया गया। बैठक में ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी, लोनी स्थित पानी की टंकी को दोबारा चालू कराने का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। इस सम्बन्ध में अधिकारियों ने बताया कि सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) 15 अप्रैल 2026 तक तैयार कर ली जाएगी। इससे क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है। दिल्ली-सहारनपुर रोड पर जल निकासी और सड़क निर्माण कार्य के लिए 32.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि आगामी बरसात से पहले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए काम शुरू कर दिया जाएगा। लोनी औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में चर्चा का विषय रहा। उद्योग प्रतिनिधियों ने बताया कि यह प्रस्ताव लंबे समय से अधर में है। संबंधित विभाग को इसमें शीघ्र मंजूरी देने के निर्देश जारी किए गए हैं। यातायात पुलिस से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी, क्योंकि बैठक में पुलिस विभाग का कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं था। इन विषयों पर अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने ‘निवेश मित्र’ पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को चेतावनी दी कि समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नियोक्ताओं से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) के तहत लंबित पंजीकरण शीघ्र पूरा करने की अपील भी की गई। प्रशासन के इस सक्रिय रुख से लोनी क्षेत्र के औद्योगिक इकाइयों को बुनियादी सुविधाओं में जल्द सुधार की उम्मीद जगी है।



