भारत-अफगानिस्तान के बीच मजबूत होंगे हवाई संपर्क
मुत्ताकी बोले- व्यापार बढ़ाने के लिए सहमत

नई दिल्ली । अफगानिस्तान के विदेश मंत्री एम. आमिर खान मुत्ताकी ने नई दिल्ली में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि वे यहां आकर बहुत खुश हैं। इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए हवाई संपर्क मजबूत करने पर सहमति भी बनी है।
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मावलवी आमिर खान मुत्ताकी ने कहा है कि वह भारत की राजधानी दिल्ली में आकर बेहद खुश हैं। यह उनका भारत का पहला दौरा है बतौर विदेश मंत्री। उन्होंने भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारत सरकार की गर्मजोशी और मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद दिया। मुत्ताकी ने बताया कि दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हुई, जिसमें आर्थिक, राजनीतिक, राजनयिक, क्षेत्रीय और सुरक्षा से जुड़े विषय शामिल थे।
‘हवाई संपर्क को मजबूत करने पर बनी सहमति’-उन्होंने कहा, ‘भारत सरकार ने काबुल में अपने दूतावास की तकनीकी उपस्थिति को और मजबूत करने का फैसला लिया है। साथ ही, जल्द ही इस्लामिक अमीरात (अफगानिस्तान) का राजनयिक प्रतिनिधिमंडल भी दिल्ली पहुंचेगा।’ दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए हवाई संपर्क (एयर कॉरिडोर) को भी मजबूत करने पर सहमति बनी है। मुत्ताकी ने बताया कि विदेश मंत्री जयशंकर ने अफगानिस्तान में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का भरोसा दिया है। उन्होंने हाल ही में आए भूकंप के पीड़ितों को भारत की ओर से दी गई मदद के लिए भी आभार जताया।
दोनों देशों ने ‘व्यापार समिति’ बनाने का लिया फैसला- मुत्ताकी- इसके अलावा, भारत और अफगानिस्तान ने मिलकर एक ‘व्यापार समिति’ बनाने का भी निर्णय लिया है। मुत्ताकी ने बताया कि अफगानिस्तान में निवेश के लिए नए अवसर खुले हैं, खासकर खनिज और ऊर्जा के क्षेत्र में। उन्होंने भारतीय कंपनियों और निवेशकों को अफगानिस्तान में इन क्षेत्रों में काम करने के लिए आमंत्रित किया।
भारत ने अफगानिस्तान को 20 एम्बुलेंस दीं उपहार-भारत ने सद्भावना के तौर पर अफगानिस्तान को 20 एम्बुलेंस उपहार में दीं। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने प्रतीकात्मक कदम के तौर पर 20 एम्बुलेंस में से पांच व्यक्तिगत रूप से अफगान विदेश मंत्री मुत्ताकी को सौंपीं।



