उपायुक्त आलोक कुमार ने करमाटांड़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
Deputy Commissioner Alok Kumar conducted a surprise inspection of Karmatand Block cum Circle Office.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। जिले के उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को करमाटांड़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में उपस्थित कर्मियों की उपस्थिति पंजी, विभिन्न शाखाओं के अभिलेख, योजनाओं से संबंधित पंजियों तथा कार्यालय संचालन व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, कर्मियों की कार्यशैली एवं आम लोगों को दी जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी नूपुर कुमारी एवं अंचलाधिकारी चोनाराम हेमब्रम के आवास का भी जायजा लिया। इस दौरान आवासीय परिसर की स्थिति, साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में समयबद्धता एवं अनुशासन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी कर्मियों को प्रतिदिन समय पर कार्यालय पहुंचने, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने तथा कार्यालय परिसर की स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों को आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की सलाह भी दी गई। उपायुक्त के औचक निरीक्षण से कार्यालय कर्मियों में हलचल देखी गई तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया।

