जालौन
डकोर पुलिस व आबकारी टीम की संयुक्त कार्रवाई अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई- जनपद जालौन में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना डकोर पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम मोहम्मदाबाद क्षेत्र में छापेमारी कर एक अभियुक्त को भारी मात्रा में अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डकोर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना के आधार पर ग्राम मोहम्मदाबाद में कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने कम्पोजिट अंग्रेजी शराब के ठेके के बगल में बनी एक दुकान पर छापा मारकर अवैध तरीके से शराब बेचते हुए अभियुक्त रणवीर उर्फ गोलू पुत्र स्वर्गीय थान सिंह निवासी ग्राम डकोर थाना डकोर जनपद जालौन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 पेटी सीलबंद देशी शराब एवं 23 अदद क्वार्टर देशी शराब बरामद की है। इस संबंध में थाना डकोर में मु0अ0सं0 50/2026 धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में खनन अधिनियम एवं विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। डकोर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


