बालाघाट

हेल्पिंग हैंड्स” परियोजना का शुभारंभ

रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल द्वारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ऑफिशियल विजिट संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बालाघाट(म0प्र0) : रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल द्वारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ऑफिशियल विजिट का आयोजन शहर के होटल मल्लिकार्जुन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष रोटेरियन संदीप असाटी द्वारा किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थित सदस्यों द्वारा राष्ट्रगान गाया गया एवं रोटरी की परंपरा अनुसार औपचारिक रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में अनुशासन, सेवा भावना एवं सौहार्द का विशेष वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल का क्लब सदस्यों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। उक्त कार्यक्रम में अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट की प्रथम महिला रोटेरियन पल्लवी जायसवाल एवं डॉ. ईला गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में क्लब की विभिन्न सेवा गतिविधियों, सामाजिक प्रकल्पों एवं आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं बल्कि समाज सेवा का ऐसा माध्यम है जो जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल लगातार जनहित के कार्यों के माध्यम से समाज में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने क्लब की सक्रियता, टीमवर्क एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रकल्प समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

उन्होंने कहा कि जब किसी जरूरतमंद व्यक्ति को सही समय पर सहायता मिलती है, तभी सेवा का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है। रोटरी का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा करना है और प्रत्येक सदस्य को इसी भावना के साथ कार्य करना चाहिए।

डिस्ट्रिक्ट मैनेजमेंट टीम से रोटेरियन कमलजीत सिंघ छाबड़ा ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल ने कम समय में सेवा एवं पब्लिक इमेज के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। क्लब द्वारा आयोजित सामाजिक कार्यक्रमों एवं मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाए जा रहे संदेश सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि क्लब आने वाले समय में और भी बड़े सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाजहित में कार्य करेगा।

विशिष्ट अतिथि डॉ. इला गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों को वेलनेस एवं स्वास्थ्य जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं सकारात्मक सोच व्यक्ति को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखते हैं। उन्होंने सभी को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने एवं समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन संदीप असाटी ने अपने संबोधन में क्लब द्वारा वर्षभर किए गए सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा पूर्व में प्याऊ स्थापना, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक सहयोग गतिविधियां एवं अन्य कई जनहितकारी कार्य सफलतापूर्वक संचालित किए गए हैं।

इसी क्रम में क्लब द्वारा एक नई सेवा पहल “हेल्पिंग हैंड्स” परियोजना का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल के करकमलों द्वारा किया गया। यह परियोजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों की सहायता हेतु प्रारंभ की गई है।

परियोजना के अंतर्गत जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनका जीवन कुछ आसान और सम्मानजनक बन सके। इस योजना के तहत मेडिकल बेड, व्हील चेयर, कमोड चेयर, बैसाखी एवं वॉकर जैसे आवश्यक उपकरण जरूरतमंद लोगों को प्रदान किए जाएंगे।

क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि कई बार मरीज एवं उनके परिजन आर्थिक अभाव के कारण आवश्यक मेडिकल उपकरण नहीं जुटा पाते, जिससे उन्हें अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए “हेल्पिंग हैंड्स” परियोजना प्रारंभ की गई है, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति उपचार एवं सुविधाओं के अभाव में परेशान न हो।

परियोजना का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को सहारा देना, चिकित्सा सुविधाओं को सहज बनाना एवं समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने इस सेवा प्रकल्प की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।

कार्यक्रम का मंच संचालन क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर रोटेरियन बलजीत सिंघ छाबड़ा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष रोटेरियन राजेश गांधी, प्रेसिडेंट इलेक्ट रोटेरियन अंकित अग्रवाल, मुकुल राठौर, हरजीत पाल सिंह राजपूत, राजेंद्र सिंघ छाबड़ा, नरेन्दर सिंघ छाबड़ा, विक्रम भूते, धनेंद्र रहांगडाले, संतोष नाहर, बलविंदर पाल सिंह राजपूत, रवि सचदेव एवं राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में सभी सदस्यों ने समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए रोटरी के माध्यम से निरंतर जनहित में कार्य करते रहने का संकल्प लिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button