आईटीएस डेंटल कॉलेज ने भोजपुर पीएचसी में सैटेलाइट डेंटल क्लीनिक की शुरुआत

मुरादनगर। आईटीएस डेंटल कॉलेज, द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भोजपुर में एक नवीन सैटेलाइट डेंटल क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। यह पहल कॉलेज की सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है, जिसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है।
क्लीनिक का उद्घाटन मुख्य अतिथि रविन्द्र कुमार, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), एवं सुचेता सिंह, ब्लॉक प्रमुख भोजपुर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
यह सैटेलाइट क्लीनिक संस्थान की कम्युनिटी आउटरीच योजना के अंतर्गत स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से भोजपुर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में मौखिक स्वास्थ्य जांच, दांतों की सफाई, फिलिंग, रूट कैनाल जैसी सेवाएं पूर्णतः निशुल्क प्रदान की जाएंगी।
वरिष्ठ प्रशिक्षित दंत चिकित्सकों की निगरानी में संचालित यह क्लीनिक हर महीने सैकड़ों रोगियों को लाभ पहुंचाने में सक्षम है। यह न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि शहरी और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के बीच की दूरी को भी कम करेगा।
उद्घाटन समारोह में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, स्थानीय प्रशासनिक प्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।



