शामली
हनुमान धाम में 57वें रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम पर 57वें रामलीला महोत्सव का शुभारंभ माता की भेंट, पूजा-अर्चना और ज्योत प्रज्वलन के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य यजमान निकुंज मित्तल रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर ज्योत प्रज्वलित की। इस दौरान रामलीला के कलाकारों ने माता के समक्ष अपने-अपने स्वरूप और अभिनय की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध भजन गायक लाल सिंह लचक ने गणेश वंदना के साथ की। इसके बाद रामलीला के प्रमुख पात्रों का अभिनय करने वाले कलाकारों ने अपने संवाद, भजन और अभिनय प्रस्तुत किए।
आकाश धीमान ने श्रीराम, उज्ज्वल नामदेव ने लक्ष्मण, वंश राजपूत ने माता सीता, आर्यवंश भारद्वाज ने भरत, गोल्डी राणा ने शत्रुघ्न, रवि पाठक ने हनुमान जी तथा विपिन शांडिल्य ने रावण के स्वरूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। भजनों और संवादों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन उत्तम नामदेव ने किया। इस अवसर पर दिनेश पाठक, आदेश शर्मा, लाल सिंह लचक, वंश नामदेव, लोकेश शर्मा, श्रावण नामदेव, नामदेव सिस्टर तथा सुनील टम्मी ने भी सहभागिता की। पंडित दिनेश पाठक ने राम भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया।
रामलीला महोत्सव के अध्यक्ष सलिल द्विवेदी एवं महासचिव राजकुमार मित्तल ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलाकार लंबे समय से अपने-अपने पात्रों के संवाद और अभिनय का अभ्यास कर रहे हैं।



