विद्यालय बंदी के विरोध में जनांदोलन की शुरुआत, बंदपुर व खट्टा गांव में जनसंपर्क अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने के निर्णय के खिलाफ जिले में जनआंदोलन की शुरुआत हो गई है। सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी एडवोकेट सोमेंद्र ढाका ने बागपत के बंदपुर और खट्टा गांव का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया और इस फैसले के विरोध में जनजागरण अभियान का आगाज किया।
एडवोकेट ढाका ने बताया कि वर्तमान में बागपत जिले के 40 से अधिक सरकारी प्राथमिक विद्यालयों पर ताले लटक चुके हैं, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला गरीब, मजदूर, किसान और वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से दूर करने की सुनियोजित साजिश है।
उन्होंने कहा, “यह केवल स्कूल बंद करने का मामला नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को शिक्षित होने से रोकने का षड्यंत्र है। सरकार शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
एडवोकेट ढाका ने स्पष्ट किया कि जिन-जिन गांवों में विद्यालय बंद किए गए हैं, वहां जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा और सरकार के निर्णय के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि “हर माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य को लेकर इस संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर चलें।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बंद किए गए विद्यालयों को शीघ्र ही पुनः संचालित नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और अधिक तीव्र और उग्र रूप लेगा।



