छात्रा के चचेरे भाई की हत्या में दोषी को उम्रकैद
एडीजे कोर्ट ने सभी गवाहों के पक्षद्रोह होने पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुनाई सजा

अक्टूबर 2019 में महाविद्यालय में चाकू घोपकर की गई थी हत्या
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। विजय सिंह पथिक राजकीय महाविद्यालय परिसर में छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके चचेरे भाई की चाकू घोपकर हत्या करने के मामले में एडीजे/विशेष पॉक्सो कोर्ट ने दोषी अनुज को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी पर एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। मामले में सुनवाई के दौरान 12 गवाह पेश किए गए थे, लेकिन विशेष ट्रायल के दौरान सभी साक्षी पक्षद्रोही हो गए थे। इसके बावजूद न्यायालय ने सीसीटीवी फुटेज को अहम साक्ष्य मानते हुए दोषी को सजा का फैसला सुनाया।
जिला शासकीय अधिवक्ता संजय चौहान और विशेष लोक अभियोजक पुष्पेंद्र मलिक ने बताया कि गांव सहपत निवासी एक व्यक्ति की बेटी विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। आरोप था कि 22 अक्टूबर 2019 को कॉलेज जाते समय गांव हिंगोखेड़ी निवासी अनुज ने उसके साथ छेड़छाड़ की। उस समय अनुज एमए का छात्र था। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी थी। अगले दिन छात्रा का चचेरा भाई विक्की भी महाविद्यालय पहुंचा था। वहां अनुज ने छात्रा के साथ दोबारा अश्लील टिप्पणियां करते हुए छेड़छाड़ की। विक्की ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसकी पीठ में चाकू घोप दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल विक्की को उपचार के लिए पहले मेरठ ले जाया गया। बाद में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 27 अक्टूबर 2019 को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद यह मामला छेड़छाड़ और जानलेवा हमले से संबंधित धारा में दर्ज किया गया था, लेकिन मौत हो जाने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई थी। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। मुकदमे की सुनवाई कैराना स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (विशेष पॉक्सो कोर्ट) अशोक कुमार भारतेंदु के न्यायालय में चल रही थी। 12 गवाह न्यायालय में पेश किए गए थे। दो दिन पूर्व न्यायालय ने आरोपी अनुज को हत्या के मामले में दोषी करार दिया था। शनिवार को न्यायालय ने दोषी को आजीवन कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
छात्रा पर प्रकीर्ण वाद दर्ज करने के आदेश
मुकदमे की सुनवाई के दौरान पीड़िता ने न्यायालय में आरोपी को पहचानने और उसके साथ छेड़छाड़ होने की बात से इनकार कर दिया था। न्यायालय ने पीड़िता के विरुद्ध झूठी गवाही देने के संबंध में प्रकीर्ण वाद दर्ज करने के आदेश भी दिए हैं।
विशेष ट्रायल में सभी 12 गवाह हो गए पक्षद्रोही
हत्या के इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 12 गवाह पेश किए गए थे। हालांकि, विशेष ट्रायल के दौरान सभी साक्षी अपने पूर्व कथनों से मुकर गए और पक्षद्रोही हो गए। पीड़िता ने भी आरोपी को पहचानने तथा छेड़छाड़ की घटना से इनकार कर दिया था। चूंकि घटना महाविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, इसलिए न्यायालय ने सीसीटीवी फुटेज को अहम साक्ष्य मानते हुए फैसला सुनाया है।

