पाकुड़ में नव नियुक्त उप समाहर्ताओं का स्वागत, उपायुक्त ने उत्कृष्ट प्रशिक्षण पर दिया जोर
Newly appointed sub-divisional magistrates welcomed in Pakur, Deputy Commissioner emphasized on excellent training

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़, 28 मार्च 2026 शनिवार को समाहरणालय पाकुड़ में आज नव नियुक्त एवं पदस्थापित उप समाहर्ताओं के स्वागत हेतु एक औपचारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई मनीष कुमार, उपायुक्त, पाकुड़ ने की। इस अवसर पर उपायुक्त, अपर समाहर्ता एवं विशेष कार्य पदाधिकारी ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें डायरी एवं कलम प्रदान कर उनके उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रशिक्षण हेतु आए 9 उप समाहर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशिक्षण प्रशासनिक सेवा की नींव को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने, कार्यों को गंभीरता एवं समर्पण के साथ सीखने तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के कार्यों की समुचित समझ विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे भविष्य में अधिकारी अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सकें। साथ ही, उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को टीम भावना के साथ कार्य करने एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सकारात्मक संवाद का माहौल देखने को मिला, जिसे प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।



