बरेली
जिला नोडल डॉ. सुभाष ने किया इंस्पायर अवार्ड मानक का उन्मुखीकरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जनपद में पहली बार इंस्पायर अवार्ड मानक के तहत आइडिया बॉक्स से आइडिया का चयन करते हुए विकासखंड भदपुरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय कटैया बलदेव में जिला नोडल डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य ने उन्मुखीकरण किया।
डॉ. मौर्य ने बताया कि प्रारंभिक चरण में प्रत्येक उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं द्वारा पांच आइडिया पोर्टल पर सबमिट करने हैं। चुने गए आइडिया को मूर्त रूप देने के लिए जिला स्तर पर 10 हजार और प्रदेश स्तर पर 50 हजार रुपये छात्रों के खाते में भेजे जाते हैं। आइडिया समाज के लिए उपयोगी, पर्यावरण के अनुरूप और यूनिक होना चाहिए।
पहले चरण में विद्यालय में आइडिया बॉक्स बनाकर बच्चों को आइडिया डालने के लिए प्रेरित किया जाता है, फिर मेंटर द्वारा पांच सर्वश्रेष्ठ आइडिया पोर्टल पर अपलोड किए जाते हैं। इसी क्रम में सोमवार को विद्यालय में बाल वैज्ञानिकों ने आइडिया बॉक्स में अपने आइडिया डाले। एआरपी डॉ. विवेक सक्सेना और डॉ. मधुरेश दीक्षित के नेतृत्व में मेंटर ममता गंगवार के मार्गदर्शन में दीपक शर्मा, सुमित शर्मा, मधु, गीता और मोहिनी के पांच सर्वश्रेष्ठ आइडिया चुने गए, जिन्हें पंजीकृत किया जाएगा।
इस दौरान प्रधानाध्यापिका शीला देवी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




