बरेली
क्वांटम मैकेनिक्स चैलेंज में जीआरएम के श्रेयस ने जीता गोल्ड ऑनर

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। श्री गुलाब राय मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नैनीताल रोड के कक्षा 10 के छात्र श्रेयस सौरभ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। जर्मनी के हैम्बर्ग की संस्था एडुहार्बर के ग्लोबल क्वांटम मैकेनिक्स चैलेंज 2026 में जूनियर वर्ग में श्रेयस ने गोल्ड ऑनर फॉर एक्सेप्शनल परफॉर्मेंस हासिल किया है।
ऑनलाइन हुई इस ओलंपियाड में क्वांटम फिजिक्स में वैज्ञानिक समझ, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल परखा गया। इसमें 82 देशों के लगभग 50 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इसे तीन वर्गों जूनियर (अंडर-16), यूथ (16 से 25 वर्ष) और सीनियर (26 से अधिक) में बांटा गया था।
क्वालिफिकेशन राउंड 29 जून को हुआ, जिसमें से करीब एक हजार विद्यार्थी सेमीफाइनल के लिए चुने गए। सेमीफाइनल 26 जुलाई को हुआ और 25 अगस्त को 82 देशों के लगभग 500 प्रतिभागियों ने फाइनल में हिस्सा लिया। फाइनल तक पहुंचकर श्रेयस ने गोल्ड ऑनर हासिल किया।
विद्यालय के प्रबंधक राजेश जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल और प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत ने श्रेयस की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान और अनुसंधान में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।



