वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित छात्रों के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम-2026 का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज की ओर से नवप्रवेशित यूजी एवं पीजी छात्र-छात्राओं के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, एलाइड एवं हेल्थकेयर क्षेत्र में करियर की संभावनाओं तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित करना रहा।
वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के रविंद्रनाथ टैगोर भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, कुलपति डॉ. कृष्ण कांत दवे, प्रतिकुलपति प्रो. मानस रंजन, कुलसचिव प्रो. पीयूष कुमार पाण्डेय एवं डीन एलाइड साइंसेज डॉ. भूपेश गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने कहा कि एलाइड एवं हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स की देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बड़ी मांग है। उन्होंने कहा कि वेंक्टेश्वरा समूह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों तथा इंडस्ट्री की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित और स्किल्ड प्रोफेशनल्स तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले एक दशक में समूह ने मेडिकल एवं एलाइड हेल्थकेयर क्षेत्र में हजारों दक्ष प्रोफेशनल्स तैयार किए हैं, जो देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि बदलते दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। युवाओं को नई शिक्षा नीति और वैश्विक रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप अपने ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व को लगातार अपग्रेड करना होगा, तभी वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी पहचान बना सकेंगे।
प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि देश में नए एलाइड हेल्थकेयर आयोग के गठन से हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के लिए रोजगार एवं करियर की नई संभावनाएं विकसित होंगी। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय अपने कौशल और ज्ञान को लगातार विकसित कर स्वयं को अलग पहचान दिलाएं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को सफल एवं सुरक्षित करियर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कुलपति प्रो. कृष्ण कांत दवे ने कहा कि अपोलो हेल्थकेयर एकेडमी के साथ शैक्षणिक गठबंधन के माध्यम से एलाइड एवं हेल्थकेयर सेक्टर में गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं बेहतर करियर अवसर प्रदान करना है।
प्रतिकुलपति प्रो. मानस रंजन ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा, “हम जैसा सोचते हैं, धीरे-धीरे वैसे ही बनते जाते हैं। इसलिए जीवन में सकारात्मक सोच रखें और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें।”
कुलसचिव प्रो. पीयूष कुमार पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का सफर नहीं है, बल्कि यह आत्म-खोज, नए अनुभवों और जीवनभर सीखने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एलाइड साइंसेज के डीन डॉ. भूपेश गुप्ता, डॉ. रीना जोशी, दीक्षा सिंह, मेरठ परिसर के निदेशक पंकज सिंह एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




